
उपभोक्ताओं के लिए बिजली कंपनी के वॉट्सएप चैटबॉट से बिल डाउनलोड एवं भुगतान की सुविधा
रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्य प्रदेश
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि उपभोक्ताओं के लिए वॉट्सएप चैटबॉट के माध्यम से बिजली बिल डाउनलोड एवं बिल भुगतान सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस सेवा के अंतर्गत उपभोक्ताओं को कहीं भी जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि वे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से बिजली बिल डाउनलोड, भुगतान सहित अन्य 10 सेवाओं का लाभ घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। कंपनी ने बताया कि वॉट्सएप चैटबॉट नंबर 0755 2551222 पर ‘Hi’ (हाय) लिखते ही उपभोक्ताओं के सामने क्रमशः 10 विभिन्न सेवाओं की सूची प्रदर्शित हो जाती है। यदि उपभोक्ता को अपने घर का बिजली बिल भरना है, तो सूची में विकल्प 2 – ‘For Bill’ दिखाई देता है। मैसेज बॉक्स में जैसे ही 2 अंक लिखते हैं, तो विकल्प 1 – ‘View and Pay LT Bill’ सहित तीन अन्य विकल्प दिखाई देते हैं। बिल से संबंधित जानकारी के लिए विकल्प 1 चुनने पर दो और विकल्प उपलब्ध होते हैं, जिनमें विकल्प 1 – ‘To Use Mobile Number’ तथा विकल्प 2 – ‘For Enter Customer ID’ शामिल हैं। यदि उपभोक्ता रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के माध्यम से बिल देखना चाहते हैं, तो ‘To Use Mobile Number’ के लिए 1 अंक लिखते ही उनके कनेक्शन नंबर प्रदर्शित हो जाते हैं। संबंधित कनेक्शन नंबर का चयन करते ही उपभोक्ता के मोबाइल पर बिल की राशि सहित पीडीएफ तुरंत प्राप्त हो जाती है। इसमें ‘View and Pay’ तथा ‘Pay Now’ के विकल्प भी उपलब्ध रहते हैं। यदि उपभोक्ता पहले बिल देखना चाहते हैं, तो ‘View and Pay’ का चयन कर सकते हैं। वहीं, बिल राशि देखकर तत्काल भुगतान करने के लिए ‘Pay Now’ विकल्प चुनना होगा। ‘Pay Now’ पर क्लिक करने के बाद भुगतान के विभिन्न विकल्प प्रदर्शित होते हैं, जिनमें पे ऑन वॉट्सएप, गूगल पे, फोन पे, पेटीएम सहित अन्य यूपीआई एप्स शामिल हैं। इच्छित भुगतान माध्यम का चयन कर ‘Continue’ करने पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाती है और भुगतान की रसीद मोबाइल पर ही प्राप्त हो जाती है। इस रसीद को मोबाइल में सुरक्षित रखने या स्क्रीनशॉट लेने का विकल्प भी उपलब्ध रहता है। इस प्रकार उपभोक्ता घर बैठे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से बिजली कंपनी की सेवाओं का सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रूप से लाभ उठा सकते हैं। वॉट्सएप चैटबॉट पर उपलब्ध 10 सेवाओं में शिकायत दर्ज करना, एलटी/एचटी बिल से संबंधित सेवाएं, अन्य आवेदनों की जानकारी, मोबाइल नंबर को कनेक्शन से लिंक करना, सेल्फ रीडिंग, नया सेवा कनेक्शन/नेट मीटरिंग के लिए आवेदन, मौजूदा कनेक्शन में परिवर्तन, फिजिकल बिल के लिए आवेदन, सोलर रूफटॉप (नेट मीटरिंग) तथा मोबाइल नंबर जोड़ने या हटाने की सुविधा शामिल है।