logo

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपा सिन्हा का हुआ भव्य स्वागत, कौशल और शिक्षा विकास को मिली नई दिशा, बालिकाओं के कौशल और बच्चों की प्रतिभा ने किया प्रभावित।

डोभी (गया)

डोभी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कंजियार मोहल्ले स्थित पीपुल फर्स्ट एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट – कंजियार विलेज स्कूल में शनिवार को एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ट्रस्ट की नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपा सिन्हा का भव्य स्वागत किया गया। सुबह से ही स्कूल परिसर में बच्चों और स्थानीय महिलाओं की चहल-पहल दिखाई दे रही थी। अध्यक्ष के आगमन पर छात्र-छात्राओं ने गुलदस्ता और फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम में भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल बना दिया।

समारोह में हेल्थ फॉर ऑल टीम की मैनेजर मनीषा नाग, नर्स नीलम वर्मा, मधु कुमारी, ट्रस्ट के सदस्य एवं कई स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। अध्यक्ष गोपा सिन्हा ने कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण से की। यहाँ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं बालिकाओं ने स्वयं तैयार किए गए डिजाइन, बैग, ब्लाउज पैटर्न और कैटलॉग उन्हें दिखाए। गोपा सिन्हा ने बालिकाओं की मेहनत और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास ग्रामीण बेटियों के आत्मनिर्भर बनने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इसके बाद उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से गणित, विज्ञान, सामान्य ज्ञान तथा भाषा से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों के तेज उत्तर, सीखने की उत्सुकता और आत्मविश्वास को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चे तभी आगे बढ़ते हैं जब उन्हें सकारात्मक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलता है। ट्रस्ट इसके लिए लगातार प्रयासरत है।

विद्यालय परिसर में आयोजित हेल्थ चेकअप कैंप में कंजियार मोहल्ले की कई महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। नर्सिंग टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, हेमोग्लोबिन जैसी बुनियादी जांच की और जरूरतमंद महिलाओं को दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। महिलाओं ने ट्रस्ट के इस कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि गांव में ऐसे कैंप से उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल जाती हैं।

अपने निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष गोपा सिन्हा ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका खुशबू कुमारी, शिक्षिका रानी कुमारी, शिक्षक आशीष कुमार सहित अन्य स्टाफ के साथ विद्यालय की प्रगति, वर्तमान चुनौतियों और आगे की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, बालिकाओं के कौशल विकास, स्वच्छता, पुस्तकालय सुविधा और खेलकूद गतिविधियों को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में रंजीत वर्मा, शिवनंदन यादव, भोला पासवान, बैजू यादव, पप्पू मंडल, सुरेंद्र कुमार ताती, विजय यादव समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे और ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की।

16
1147 views