
*लालकिला मैदान में हुआ लव कुश रामलीला कमेटी का भूमि पूजन समारोह*
रिपोर्ट- अक्षय माहेश्वरी
लोकेशन- दिल्ली
देश की प्रख्यात लव कुश रामलीला कमेटी का भूमि पूजन समारोह भव्य रूप से लालकिला मैदान में संपन्न हुआ। कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष का भव्य रामलीला मंचन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होगा तथा दशहरा पर्व 2 अक्टूबर 2025 को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल के कर-कमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर वृंदावन, मथुरा और दिल्ली के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना सम्पन्न की गई।
कमेटी अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने सभी अतिथियों का पटका, स्मृति-चिन्ह और शक्ति का प्रतीक गदा भेंटकर सम्मान किया।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा—“लव कुश रामलीला कमेटी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए है। यह न केवल प्रभु श्रीराम की लीला का मंचन करती है, बल्कि सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों में भी सक्रिय है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि रामलीलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए। इसके लिए सभी परमिशन हेतु सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। श्री अर्जुन कुमार ने दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामलीलाओं के लिए पुलिस लाइसेंस प्रक्रिया समाप्त करना और डीडीए द्वारा मेले हेतु 25–40% ग्राउंड का आवंटन, कलाकारों और आयोजकों के लिए बड़ी राहत है।