logo

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने सेलाकुई में पशु शवदाह गृह पर रोक लगाने के डीएम को दिए निर्देश

सेलाकुई (देहरादून)। नगर निगम देहरादून की ओर से सेलाकुई में बनाए जा रहे पशु शव दाह गृह के विरोध में मंगलवार को सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने डीएम को ज्ञापन देकर इस कवायद पर रोक लगाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सेलाकुई में किसी भी हालत में पशु शव दाह गृह का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे विधायक ने कहा कि जनता सेलाकुई में विद्युत पशु शवदाह गृह का विरोध कर रही है। जन भावनाओं के विपरीत क्षेत्र में कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा। लोकतंत्र में जनता की राय, सुझाव और भावनाएं ही सर्वोपरि होती हैं। लिहाजा जिस काम के लिए जनता का बहुमत तैयार नहीं है, उसे किसी भी हालत में नहीं किया जाना चाहिए।

बताया कि पिछली सरकार ने जनता की भावनाओं के विपरीत शीशमबाड़ा में वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण किया, जिसका खामियाजा जनता अभी तक भुगत रही है। स्थानीय जनता वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का आज तक विरोध कर रही है। अब नगर निगम जनता के विरोध के बावजूद पशु शव दाह गृह का निर्माण करने की कोशिश कर रहा है। जिसे किसी भी हाल में बनने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पशु शव दाह गृह का विरोध करने के लिए स्थानीय जनता के साथ आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। विधायक ने डीएम को शव दाह गृह निर्माण की कवायद पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए।

72
14654 views
  
1 shares