रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण पर चर्चा
रायपुर : राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हुए लगभग पांच महीने पूरे हो चुके हैं। इस अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम में कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई, जिसमें शहर में बढ़ते अपराध जैसे चाकूबाजी और लूट पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने ACP दीपक मिश्रा द्वारा प्रस्तुत अपराध आंकड़ों में त्रुटि पाई और उन्हें सही आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के पांच महीनों की पुलिसिंग गतिविधियों, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं नशे के खिलाफ अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. संजीव शुक्ला ने विशेष रूप से NDPS मामलों और सफेमा जैसे आर्थिक अपराधों पर ध्यान केंद्रित करने तथा ड्रग्स नेटवर्क तोड़ने के लिए इंटेलिजेंस को मजबूत करने के निर्देश दिए। डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने मीडिया को बताया कि कमिश्नरेट प्रणाली के तहत अपराध नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया में सुधार हुआ है। इस बैठक में सभी जोन के डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और विशेष शाखा के अधिकारी मौजूद रहे।