logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उठीं राज्य कर विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याएं, विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को दिया समाधान का भरोसा

गाजियाबाद, 8 जून 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार राज्य कर विभाग द्वारा व्यापारियों के मध्य संवाद स्थापित करने हेतु "व्यापारी संवाद कार्यक्रम" का आयोजन जे०के०एम० लीला होंडा, राकेश मार्ग, गाजियाबाद में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त (राज्य कर) श्री विजय चौधरी ने की।

जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल ने व्यापारियों की ओर से एक महत्वपूर्ण समस्या उठाते हुए कहा कि कई वर्षों बाद विभाग द्वारा ऐसे नोटिस जारी किए जाते हैं जिनमें यह आरोप लगाया जाता है कि क्रय की गई इनवॉइस का कर विक्रेता द्वारा जमा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी ने वैध कर चालान के आधार पर माल क्रय किया है तो खरीददार को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में हाल ही में आए माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का भी उल्लेख करते हुए अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

युवा प्रदेश सचिव अंकुर गर्ग ने विभागीय प्रक्रियाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा, वहीं श्याम किशोर शुक्ल ने रिटर्न दाखिल करने एवं अन्य कर संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया।

उपायुक्त विजय चौधरी ने व्यापारियों द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना तथा राज्य कर नियमों एवं प्रावधानों के अंतर्गत उनका समाधान एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि विभाग व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं कर प्रणाली को सरल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि व्यापारी किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है और राज्य कर विभाग राजस्व व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ। जब दोनों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित होता है, तो समस्याओं का समाधान सरलता से निकलता है तथा विकास को नई गति मिलती है।

पार्षद नीरज गोयल ने कहा जीएसटी पोर्टल की प्रक्रिया इतनी सरल होनी चाहिए जिससे एक अनपढ़ आदमी पेटीएम, अमेजॉन ऐप की तरह इस्तेमाल कर सके। जिससे व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ राजस्व में भी वृद्धि होगी। बहुत से व्यापारी वकीलों के चक्कर में ना पढ़ने के कारण भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराते हैं।

संवाद कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा व्यापारियों एवं विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त श्री सूर्य प्रकाश, राज्य कर अधिकारी श्री जुबेर खान, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल, जेकेएम लीला होंडा के स्वामी योगेश सलूजा, जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष श्याम किशोर शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष विशाल गोस्वामी, जिला मंत्री अमित गोयल, विधानसभा अध्यक्ष रवि कालिया, विधानसभा महामंत्री कपिल गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रह्मपाल यादव, वरिष्ठ व्यापारी नेता पं. अशोक भारतीय, एडवोकेट संदीप त्यागी, गांधी नगर पार्षद नीरज गोयल, युवा प्रदेश सचिव अंकुर गर्ग, मीडिया फोटोग्राफर यतेंद्र सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

2
719 views

Comment