पलामू: सतबहिनी नदी में किशोर का शव मिलने से सनसनी
पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानी गांव के समीप सतबहिनी नदी में सोमवार को 14 वर्षीय किशोर किशन कुमार सिंह का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक किशन, जो सुल्तानी गांव निवासी बिंदा सिंह के नाती और हुसैनाबाद के पोलडीह निवासी संतोष सिंह के इकलौते पुत्र थे, दो दिन पहले अपने नाना के घर आए थे।
सूचना के अनुसार, किशन सुबह दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने गया था, जहां वह गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने किशन को नदी से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, क्योंकि किशन के चेहरे पर खरोंच और गले पर रस्सी जैसे निशान पाए गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच जारी है।