रजौरा को मिली पर्यटन विकास की बड़ी सौगात, 146.93 लाख की परियोजना का शिलान्यास
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। तहसील सिरसागंज के ग्राम रजौरा में स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र श्री स्वामी गुदरिया वाले महाराज आश्रम के पर्यटन विकास हेतु स्वीकृत परियोजना का शिलान्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार माननीय श्री जयवीर सिंह जी द्वारा आश्रम के पर्यटन विकास के लिए 146.93 लाख रुपये की परियोजना की सौगात प्रदान की गई। इस परियोजना के अंतर्गत आश्रम परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
ग्रामीणों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और स्थानीय विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। आश्रम लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है और अब पर्यटन विकास योजना के माध्यम से इसकी पहचान प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामवासियों ने प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
ग्राम रजौरा के समस्त नागरिकों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एक-दूसरे को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि यह परियोजना क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।