नवीनगर हरिहर उर्दाना में मनरेगा योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप
नवीनगर (औरंगाबाद): नवीनगर प्रखंड के हरिहर उर्दाना पंचायत में मनरेगा योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, अनियमितता और धांधली का गंभीर आरोप लगा है। पंचायत के लावा बार गांव निवासी सोनू कुमार सिंह ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष परिवाद दायर कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में हाई स्कूल सिकरिया के खेल मैदान निर्माण कार्य में फर्जी श्रमिकों के नाम पर कार्य दिखाने, जेसीबी मशीन के उपयोग से मूल उद्देश्य की अनदेखी, मिट्टी कटाव की भ्रामक रिपोर्ट और फर्जी उपस्थिति पंजी जैसे कई अनियमितताओं का उल्लेख है।
सोनू कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी औरंगाबाद, विकास आयुक्त और अन्य अधिकारियों को भी जांच के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब तक जांच केवल औपचारिकता रही है। शिकायत में ग्राम बिजकुरवा, मनोहरी, मिश्र तेंदुआ, पिछोलिया, बलथर और झरी में आहर बांध मरम्मत और फेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों में भी फर्जी हाजिरी, अधूरे या अनुपस्थित कार्यों के बावजूद भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा वृक्षारोपण कार्यों में भी अनियमितता की बात कही गई है। सोनू कुमार सिंह ने प्रखंड और जिला स्तर के मनरेगा पदाधिकारियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।