logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अवैध शराब कारोबार पर गाड़ासरई पुलिस का करारा प्रहार : 1.10 लाख रुपये की 140 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार


पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी श्री आशीष खरे के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों एवं नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी डॉ. अमित वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डिण्डौरी श्री सतीष कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना गाड़ासरई पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

दिनांक 07 जून 2026 की रात्रि में थाना गाड़ासरई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोसमडीह में एक व्यक्ति द्वारा भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से ग्राम कोसमडीह में दबिश देकर घेराबंदी की तथा संदिग्ध स्थान की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी द्वारा अपने घर के समीप स्थित बाड़ी में धान के पैरा के ढेर के नीचे बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई पाई गई। पुलिस ने मौके से लगभग 140 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी नानु उर्फ विवेक परस्ते पिता बैसाखू सिंह परस्ते, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोसमडीह, थाना गाड़ासरई, जिला डिण्डौरी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 189/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा उसे माननीय न्यायालय डिण्डौरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी अवैध शराब को लोगों की नजरों से बचाने के लिए धान के पैरा के ढेर में छिपाकर रखता था तथा उसका अवैध विक्रय करने की तैयारी में था। पुलिस की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब की बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई।

डिण्डौरी पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उक्त सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी गाड़ासरई निरीक्षक अमृत कुमार तिग्गा, उपनिरीक्षक ध्रुव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पटेल, पंकज सिंह, चन्द्रभान सिंह, सिंधु सिंह, आरक्षक आशीष लांजेवार, टीकाराम, धनंजय पारधी, शैलेन्द्र, राजासिंह तथा एसएसयू स्टाफ कुलदीप, अजय, कृष्णा, ओमवती, गोसै बुधराम मौलिया एवं सुभाष मरावी की महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।

10
1320 views

Comment