सगाही बाजार में बाइक चोरी करते नाबालिग को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस के हवाले
गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के सगाही बाजार में बाइक चोरी कर भाग रहे एक नाबालिग युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि सगाही बाजार निवासी बिनोद गुप्ता के पुत्र नीतू कुमार की बाइक एक नाबालिग युवक चोरी कर भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और तत्काल इसकी सूचना गुरुआ थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है। मामले की जांच की जा रही है और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।