रायगढ़ में छत्तीसगढ़ी फिल्म 'अभिशाप' का बड़ा ऑडिशन आयोजित
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ी सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए रायगढ़ में रात्रे फिल्म प्रोडक्शन के तहत आगामी छत्तीसगढ़ी-हिंदी फिल्म 'अभिशाप' के लिए एक बड़ा ऑफलाइन ऑडिशन आयोजित किया गया। यह आयोजन रेलवे स्टेशन के सामने स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में हुआ, जिसमें सुबह से कलाकारों की भारी भीड़ मौजूद रही। 5 से 60 वर्ष तक के कलाकारों ने इस ऑडिशन में भाग लिया और अपनी अभिनय कला का प्रदर्शन किया।
फिल्म के डायरेक्टर सूर्या रात्रे ने बताया कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस सही मंच की आवश्यकता है। प्रोड्यूसर संतोष महंत और गुलशन दास महंत ने कलाकारों के उत्साह और आयोजन की व्यवस्था की प्रशंसा की। कास्टिंग टीम के सदस्य समरू सोनी, दुकालु खुट्टे और सोना चौहान ने कलाकारों की क्षमता का बारीकी से मूल्यांकन किया। फिल्म की कहानी दमदार होगी और छत्तीसगढ़ी भाषा में बनाई जाएगी। जल्द ही मुख्य कलाकारों के चयन की घोषणा की जाएगी और रायगढ़ सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग शुरू होगी।