logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तकनीकी समृद्धि, नवाचार युक्त पाठ्यक्रम और करियर के नए आयामों के साथ गणित शिक्षा की दिशा में एक सशक्त पहल

खानपुर कलां -8 जून। 
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के गणित विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.एससी. गणित पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। वर्ष 2013 से अस्तित्व में आया यह विभाग राज्य के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक है, जो निरंतर उन्नत हो रही अधोसंरचना और गुणवत्ता-युक्त शिक्षण व्यवस्था के लिए जाना जाता है। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुनील कुमार ने बताया कि विभाग का उद्देश्य गणित के क्षेत्र में कक्षा शिक्षण, प्रशिक्षण, अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए एक उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि एमएससी. गणित कार्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पुनः संरचित किया गया है। यह पाठ्यक्रम उन छात्राओं के लिए विशेष अवसर लेकर आया है जो गणित को केवल एक विषय नहीं, बल्कि एक पेशेवर और तकनीकी शक्ति के रूप में अपनाना चाहती हैं। इस पाठ्यक्रम की अवधि दो वर्ष  है जिसमें कुल 40 सीटें उपलब्ध हैं। इस नए पाठ्यक्रम की एक विशेष बात यह है कि छात्राओं को पहले ही वर्ष से प्रोग्रामिंग लैंग्वेज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित विषयवस्तु भी पाठ्यक्रम में सम्मिलित की गई है, जिससे छात्राओं को गणित की पारंपरिक गहराई के साथ-साथ समकालीन तकनीकी कौशल में भी दक्ष बनाया जा सके।
प्रो सुनील ने बताया कि गणित विभाग की अधोसंरचना अत्याधुनिक स्तर की है। यहाँ स्मार्ट क्लासरूम, सेमिनार हॉल और अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कंप्यूटर लैब में हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है, जिससे छात्राएं शोध व अभ्यास में तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें। अनुभवी और समर्पित संकाय सदस्य विद्यार्थियों को गहन मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, जिससे शिक्षा का स्तर उत्कृष्ट बना रहता है।यही कारण है कि विभाग की छात्राएं हर वर्ष सी एस आई आर यू जी सी नेट , जे आर एफ , गेट , पीजीटी टीजीटी एचटेट और डी एसएसबी जैसी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करती हैं।
एमएससी गणित करने के पश्चात छात्राओं के लिए शोध व शिक्षण में अपार संभावनाएं हैं इसके अलावा वे डेटा साइंस, फाइनेंस, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, एक्चुरियल साइंस और सरकारी सेवाओं जैसे क्षेत्रों में कार्य कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त, अकादमिक संस्थानों में अध्यापन एवं उच्च अध्ययन के द्वार भी उनके लिए सदैव खुले रहते हैं।
बी.पी.एस. महिला विश्वविद्यालय का गणित विभाग छात्राओं को न केवल विषय में पारंगत बनाता है, बल्कि उन्हें तकनीकी दक्षता, तार्किक सोच और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के लिए भी सशक्त करता है। यह विभाग भविष्य की अग्रणी महिला गणितज्ञों, डेटा वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों को तैयार करने के अपने उद्देश्य की ओर पूरी निष्ठा के साथ अग्रसर है।एमएससी. गणित पाठ्यक्रम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 25 जून 2026 तक खुला रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विवरणों हेतु विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस का अवलोकन कर सकते हैं।फोटो कैप्शन :गणित विभागाध्यक्ष प्रो सुनील कुमार। 

14
498 views

Comment