इलाहाबाद हाईकोर्ट की अधिवक्ता जागृति शुक्ला का निधन
लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट की अधिवक्ता जागृति शुक्ला का सोमवार सुबह लखनऊ स्थित पीजीआई में निधन हो गया। वह 20 मई को प्रयागराज में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, 20 मई को जागृति शुक्ला स्कूटी से जा रही थीं जब मजार तिराहे के पास उनका सड़क हादसा हुआ, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर हालत में लखनऊ के पीजीआई में भर्ती कराया गया। उनके भाई सत्यम के मुताबिक, कूल्हे के जोड़ में गंभीर चोट और पैंक्रियाज की क्षति के बावजूद तमाम प्रयासों के बाद सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। जागृति झूंसी क्षेत्र की रहने वाली थीं और तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता पवन कुमार शुक्ला वाहन चालक हैं।