जयपुर में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी निलंबित, शांति बनाए रखने के लिए आदेश
जयपुर: जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 08 जून 2026 को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। संभागीय आयुक्त वी सरवन कुमार ने सोशल मीडिया और इंटरनेट सेवाओं के दुरुपयोग से अफवाहें फैलने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
पुलिस आयुक्तालय जयपुर के अधीन आने वाले कई थाना क्षेत्रों में 07 जून 2026 की रात्रि 12:00 बजे से 08 जून 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक 2G, 3G, 4G, 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) सहित अन्य सोशल मीडिया सेवाएं निलंबित रहेंगी। वॉयस कॉल सेवाएं पूर्ववत संचालित रहेंगी। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और आदेशों का पालन करने की अपील की है, साथ ही आदेश की अवहेलना पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।