CBSE-OSM विवाद पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, युवाओं की आवाज़ दबाने का लगाया आरोप
नई दिल्ली।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीबीएसई-ओएसएम विवाद को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कथित अनियमितताओं का खुलासा करने वाले छात्र सार्थक सिद्धांत और उनकी साथी निसर्गा अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सवाल भी पूछ रहे हैं और जवाब भी तलाश रहे हैं।
राहुल गांधी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पिछले सप्ताह छात्र सार्थक सिद्धांत से हुई मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि युवा "रील बनाते रहें और पकौड़े तलते रहें", लेकिन सार्थक और निसर्गा जैसे युवाओं ने व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए और सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीर नहीं है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। वहीं भाजपा की ओर से अभी तक राहुल गांधी के इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद बहस तेज हो गई है। विपक्ष इसे युवाओं की आवाज़ उठाने का मुद्दा बता रहा है, जबकि भाजपा समर्थक राहुल गांधी के बयान को राजनीतिक बयानबाजी करार दे रहे हैं।
रिपोर्टर : शिवम वर्माऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन, सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश