बड़ी सादड़ी में जिंक अपशिष्ट मामले पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू
बड़ी सादड़ी/चितौड़गढ़ : बड़ी सादड़ी क्षेत्र में हिन्दुस्तान जिंक द्वारा कथित औद्योगिक एवं रासायनिक अपशिष्ट डाले जाने के मामले को लेकर जनता का आक्रोश बढ़ गया है। सहकारिता मंत्री गौतम दक ने 6 दिन के भीतर 25000 डंपर मलबा हटाने का वायदा किया था, लेकिन केवल 10% मलबा ही हट पाया। इससे अनशनकारी डॉ विमल कुमार नागौरी, हेमंत बागड़, विनोद रांका और जगदीश धाकड़ ने मंत्री पर विश्वास खो दिया है और कल से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठने का निर्णय लिया है।
धरना स्थल पर मंत्री गौतम दक ने अनशनकारियों को मनाने की कोशिश की, लेकिन जब उनका वायदा पूरा नहीं हुआ तो उन्होंने अफसोस जताया। भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी हुई। इस मामले ने प्रदेश सरकार की जवाबदेही और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर मंत्री के गृह क्षेत्र में यह आंदोलन उनके लिए चुनौती बन गया है।