ढली-रामपुर फोरलेन परियोजना से बढ़ेगी पर्यटन और यातायात सुविधाएं : मुख्यमंत्री
रिपोर्ट : देवेश आर्य, मण्डी हिमाचल प्रदेश
शिमला, 07 जून 2026
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला जिला स्थित प्रसिद्ध हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध देव संस्कृति और धार्मिक आस्था के लिए विश्वभर में विशेष पहचान रखता है। प्रदेश के प्राचीन मंदिर न केवल आस्था के केंद्र हैं, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ढली-नारकंडा-रामपुर सड़क को फोरलेन राजमार्ग के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और इस परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस सड़क परियोजना में सुरंग निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि भूस्खलन जैसी समस्याओं को कम किया जा सके और लोगों को सुरक्षित तथा सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हाटू माता रोपवे परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए सक्रियता से कार्य कर रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नाबार्ड के अंतर्गत प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बताया कि परियोजना को पूर्ण रूप से तैयार होने में लगभग तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि रोपवे बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हाटू माता सड़क के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों के दौरान पेड़ों के कटान को न्यूनतम रखा जाए ताकि पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्विरोध निर्वाचित नारकंडा नगर पंचायत के लिए 50 लाख रुपये की विशेष राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने नव-निर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास और स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
नारकंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में विधायक कुलदीप राठौर, देहरा से विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।