विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया हर जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करणीसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन के इग्नेटर नंदकिशोर वैष्णव एवं टाटा पावर के सी. एस. आर. हिमांशु सिंह के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा बढ़ते प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वृक्ष न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, वर्षा में सहायक होने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर देशभर में वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने प्रत्येक जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे तथा उपहार के रूप में भी पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाएंगे।विद्यार्थियों ने पौधारोपण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।
नंदकिशोर वैष्णव ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में एक पौधा भी लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।