आग ने उजाड़ दिया आशियाना, विधायक रोमी साहनी बने सहारा
25 हजार की आर्थिक सहायता, दो आवास और सोलर लाइट दिलाने का आश्वासन
पलिया, लखीमपुर खीरी।
पलिया तहसील क्षेत्र के ग्राम पुरनपुरवा टापर (पटिहन) निवासी संतराम पुत्र रामप्रसाद के परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब अचानक हुई भीषण आगजनी की घटना में उनका पूरा घर जलकर राख हो गया। मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले संतराम की वर्षों की मेहनत कुछ ही पलों में आग की भेंट चढ़ गई। घर में रखा राशन, कपड़े, घरेलू सामान एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं।
घटना की जानकारी संतराम की बेटी द्वारा फोन के माध्यम से पलिया विधायक रोमी साहनी को दी गई। सूचना मिलते ही विधायक ने तत्काल संबंधित लेखपाल को मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए तथा स्वयं भी पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंच गए।
मौके पर पहुंचने पर विधायक ने देखा कि आगजनी के कारण परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। भीषण गर्मी के बीच परिवार के सामने रहने और भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का संकट खड़ा हो गया था। वहीं परिवार की पांच बेटियों के भविष्य को लेकर माता-पिता गहरी चिंता में दिखाई दिए।
पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए विधायक रोमी साहनी ने संतराम की पत्नी सोनी देवी को तत्काल ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की, जिससे परिवार अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर सके। इसके साथ ही उन्होंने शासन स्तर पर प्रयास कर दो आवास तथा सोलर लाइट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
विधायक ने परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। विधायक की इस मानवीय पहल से पीड़ित परिवार को राहत मिली तथा ग्रामीणों ने भी उनके संवेदनशील व्यवहार की सराहना की।