मथुरा: भूतेश्वर अखाड़े पर फायरिंग से दहशत, आरोपी फरार
मथुरा: थाना कोतवाली क्षेत्र के भूतेश्वर अखाड़े पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। आरोप है कि शराब के नशे में एक सफेद रंग की कार से उतरकर उसने फायरिंग शुरू की, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी की आवाज सुनकर अन्य पहलवान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अपनी कार वहीं छोड़कर फरार हो गया और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी की पहचान सेही गांव निवासी दिनेश पंडित के रूप में की जा रही है, जिसने खुद को एक प्रभावशाली व्यक्ति का रिश्तेदार बताया। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और संदिग्ध की कार जब्त कर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शीघ्र आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।