रामनगरा में विश्व पर्यावरण दिवस पर नहर सफाई अभियान शुरू
रामनगरा : प्रवीरा सोशियो कल्चरल वेलफेयर फाउंडेशन के अभिव्यक्ति कार्यक्रम के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम रामनगरा में एक विशेष नहर सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छ पर्यावरण और सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
अभियान में रामनगरा से छावन चौराहे तक नहर की सफाई का कार्य प्रारंभ किया गया, जिसमें प्लास्टिक, पन्नी और अन्य अपशिष्ट निकाले गए। फेसिलिटेटर आकिब खान ने कहा कि नहर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत है और इसके जल प्रदूषित होने से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्वच्छ जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।
अभियान में अलका, अनन्या, रुद्रांश, रवि, अतुल, सुधांशु एवं असीश ने नेतृत्व करते हुए अन्य लोगों को भी प्रेरित किया। सभी प्रतिभागियों ने नहर की पूरी सफाई तक अभियान जारी रखने का संकल्प लिया और प्रतिदिन सुबह 10 बजे श्रमदान का कार्यक्रम निर्धारित किया। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया और जनहित अभियान में सहयोग की अपील की।