logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बड़ी खबर | हिमाचल प्रदेश में भूकंप के तेज झटके, शिमला समेत कई जिलों में दहशत

शिमला/चंबा। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात करीब 10:04 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.0 दर्ज की गई।

भूकंप का केंद्र चंबा जिले में 32.289 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.434 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई मात्र 5 किलोमीटर दर्ज की गई, जिसके कारण झटके काफी तीव्र महसूस किए गए। शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा तथा आसपास के क्षेत्रों में लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।

धर्मशाला में होटलों में ठहरे पर्यटक भी भूकंप के झटकों के बाद सड़कों पर निकल आए। चंबा जिले के होली क्षेत्र में एक मकान के भीतर एलईडी टीवी समेत अन्य सामान दीवार से गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। भूकंप के बाद कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय सहित होली, भरमौर और चुवाड़ी क्षेत्रों में हल्के से मध्यम झटके महसूस किए गए। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

भूकंप के झटकों के बाद लोगों में भय का माहौल देखने को मिला, वहीं प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

रिपोर्टर : शिवम वर्मा
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन, सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)

2
249 views

Comment