रानोली थाने में हुआ पौधरोपण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश
पलसाना, सीकर (लोकेश कुमावत)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रानोली थाना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, ग्रामीण वृताधिकारी कैलाश कंवर राठौड़, थानाधिकारी रामलाल सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" अभियान के तहत बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश भी दिया। ग्रामीण वृताधिकारी कैलाश कंवर राठौड़ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और बेटियों का सशक्तिकरण दोनों ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।