70 देशों में आयोजित होने वाले विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड 2026 का उमरिया में हुआ पोस्टर विमोचन
उमरिया, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आईसेक्ट क्षेत्रीय कार्यालय, उमरिया के तत्वावधान में "विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड 2026" के पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर. एस. मरावी द्वारा पोस्टर विमोचन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में भाषायी दक्षता के विकास हेतु ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
तत्पश्चात उत्कृष्ट विद्यालय उमरिया के प्राचार्य श्री उदयभान सिंह द्वारा भी विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड 2026 के पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके बाद आईसेक्ट क्षेत्रीय कार्यालय उमरिया में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 25 छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ की उपस्थिति में पोस्टर विमोचन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में AISECT परिवार के अंतर्गत संचालित विभिन्न संस्थानों के ब्रांच मैनेजर एवं प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर RSIT School & Institute, Karkeli के ब्रांच हेड श्री प्रकाश द्विवेदी, अखिलेश इंस्टीट्यूट, शार्विल इंस्टीट्यूट, सरस्वती इंस्टीट्यूट , सुन्दरम इंस्टीट्यूट सहित अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के शिक्षकगण एवं शिक्षाविदों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अशोक कुमार बारी एवं श्री अंबिकेश त्रिपाठी ने बताया कि विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन 70 से अधिक देशों में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में हिन्दी के प्रति रुचि, जागरूकता एवं भाषायी दक्षता का विकास करना है।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा एवं साहित्य के ज्ञान को समृद्ध करने, अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने तथा हिन्दी के वैश्विक स्वरूप को समझने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में अधिकाधिक सहभागिता हेतु प्रेरित करने के साथ हुआ।