logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व पर्यावरण दिवस पर 480 विद्यार्थियों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प, 150 से अधिक पौधों का हुआ रोपण

नारसन (हरिद्वार), ।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा विभावनी इंडिया के सहयोग से राजा महेंद्र प्रताप कृषि पीजी कॉलेज, नारसन में वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ सहित लगभग 480 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी के निदेशक राज बहादुर सैनी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की पहल पर वर्ष 1972 से विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है। आज जब जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, तब पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि केवल एक दिन पर्यावरण दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हमें वर्षभर प्रकृति संरक्षण के लिए कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा उसके पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल संरक्षण के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में सबसे बड़ा संघर्ष जल के लिए हो सकता है।
राज बहादुर सैनी ने जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार अत्यधिक गर्मी, हीट वेव, वायु प्रदूषण तथा अन्य पर्यावरणीय कारणों से प्रतिवर्ष लाखों लोगों की मृत्यु हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम पर प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसका संरक्षण भी सुनिश्चित करें।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पर्यावरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव समाज के प्रत्येक वर्ग पर पड़ रहा है, इसलिए किसान, व्यापारी, उद्योगपति, वैज्ञानिक, चिकित्सक और आम नागरिक सभी को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और उसके उचित निस्तारण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी बन सकते हैं।
इस अवसर पर यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के डॉ. जोगिंदर सिंह ने किसानों को जलवायु अनुकूल (क्लाइमेट रेजिलिएंट) फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं डॉ. अजय राठी एवं डॉ. प्रदीप कुमार ने चौड़ी पत्ती वाले अधिकाधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा 50 पौधों तथा कॉलेज प्रशासन द्वारा 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। विशेष बात यह रही कि लगभग 150 विद्यार्थियों ने पौधों को गोद लेकर उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कॉलेज परिसर से हाईवे तक एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने "सांस हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम", "हरियाली का करो सम्मान, तभी बनेगा देश महान" तथा "पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में विश्व पर्यावरण दिवस विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर काजल सिंह, अनिरुद्ध कुमार, रवि कुमार, कोष अग्रवाल, भावना, तनु एवं शुभम कुमार सहित अनेक स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

7
981 views

Comment