विश्व पर्यावरण दिवस पर नागरिक सुरक्षा गाजियाबाद को मिला नया नेतृत्व
श्रीमती अनुराधा सिंह ने उप नियंत्रक पद का कार्यभार संभाला, अधिकारियों एवं वार्डनों ने दी शुभकामनाएं
गाजियाबाद, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर नागरिक सुरक्षा गाजियाबाद को नया नेतृत्व प्राप्त हुआ। श्रीमती अनुराधा सिंह ने नागरिक सुरक्षा गाजियाबाद में उप नियंत्रक (Deputy Controller) पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि यह महत्वपूर्ण पद काफी समय से रिक्त चल रहा था, जिसके कारण इसका अतिरिक्त प्रभार उप जिलाधिकारी नगर श्री विकास कश्यप द्वारा संभाला जा रहा था। श्रीमती अनुराधा सिंह के कार्यभार ग्रहण करने से नागरिक सुरक्षा संगठन को एक स्थायी एवं अनुभवी नेतृत्व प्राप्त हुआ है, जिससे संगठन की गतिविधियों एवं जनहित कार्यक्रमों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत श्रीमती अनुराधा सिंह ने नागरिक सुरक्षा के अधिकारियों, वार्डनों एवं स्वयंसेवकों के साथ संवाद कर संगठन को और अधिक सशक्त एवं जनसेवा के लिए समर्पित बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, जनजागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही।
इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा के डिवीजनल वार्डन रिजर्व हर्ष वर्मा, डिवीजनल वार्डन टाउन हॉल प्रखंड दीपक अग्रवाल, घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा, अरुण कुमार श्रीवास्तव एवं वार्डनों ने श्रीमती अनुराधा सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।