बिजनौर में पति ने पत्नी की गर्दन चाकू से काटी: फूफो के घर न जाने से नाराज था, मेरठ से लौटते वक्त जंगल में वारदात
बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि पति इस बात से नाराज था कि पत्नी उसकी फूफो के घर नहीं गई, जिसके चलते उसने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़िता रुकसार के अनुसार, वह अपने पति नासिर और तीन बच्चों के साथ मोहल्ला शाहचंदन में किराए के मकान में रहती है।
वह पति के साथ मेरठ रिश्तेदार के यहां गई थी, लेकिन फूफो के घर न जाने पर विवाद बढ़ गया। देर रात लौटते समय जंगल के कच्चे रास्ते में पति ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया और फरार हो गया।
हमले के बाद घायल रुकसार किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे तुरंत सीएचसी स्याऊ लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना चांदपुर प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार महिला का मेडिकल कराया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।