गाजीपुर-जहानाबाद में कथित गांजा कारोबार पर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग तेज
फतेहपुर संवाददाता।
गाजीपुर और जहानाबाद क्षेत्रों में कथित गांजा तस्करी एवं अवैध बिक्री को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर सरकारी भांग दुकानों की आड़ में गांजे की बिक्री की जा रही है, जबकि गाजीपुर क्षेत्र में सामान्य दुकानों से भी नशीले पदार्थों की बिक्री होने की बातें सामने आ रही हैं।
जिले में पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार नशा मुक्ति अभियान चलाने तथा कार्रवाई के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध नशे के कारोबार को लेकर उठ रहे सवाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कुछ कथित तस्कर कानून के डर से बेखौफ दिखाई दे रहे हैं और खुलेआम अपना नेटवर्क संचालित कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि यदि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, तो संबंधित विभागों द्वारा अब तक व्यापक स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर भी नागरिकों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि नशीले पदार्थों की उपलब्धता समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस एवं प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।