विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस लाइन में हुआ वृक्षारोपण, एसपी ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
फतेहपुर संवाददाता।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पौधा रोपित कर किया। इस दौरान उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है और सभी को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। तभी "हरित भारत" का सपना साकार हो सकेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन प्रगति यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।