जीआरपी झाँसी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
झाँसी। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे झाँसी की अध्यक्षता में जीआरपी अनुभाग कार्यालय झाँसी एवं जीआरपी लाइन झाँसी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीआरपी के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे झाँसी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छ एवं हरित वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।