जिले में 1 से 30 जून तक मनाया जाएगा 'मेगा अपार दिवस', सभी विद्यार्थियों की बनाई जाएगी APAAR आईडी
डिंडौरी : 05 जून,2026
राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 1 जून से 30 जून 2026 तक प्रत्येक शनिवार को "मेगा अपार दिवस" का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की APAAR (Automated Permanent Academic Account Registry) आईडी का निर्माण सुनिश्चित करना है।
जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री दिवाकर तिवारी ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में जून माह के प्रत्येक शनिवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिन विद्यार्थियों की अभी तक APAAR आईडी नहीं बनी है, उनके अभिभावकों को विद्यालयों में आमंत्रित कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आईडी निर्माण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अभियान की गंभीरता को देखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इसमंा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को अभियान की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी विद्यालय या संबंधित अधिकारी-कर्मचारी द्वारा कार्य में शिथिलता बरती जाती है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
APAAR आईडी 'एक राष्ट्र, एक छात्र' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी को एक विशिष्ट डिजिटल पहचान प्रदान की जा रही है, जिसमें उसकी प्री-प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक की शैक्षणिक जानकारी सुरक्षित रहेगी।
डिजिटल आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, परीक्षा परिणामों, छात्रवृत्तियों, खेलकूद, सह-शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य उपलब्धियों का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करेगी। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में शिक्षा संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन एवं स्थानांतरण की प्रक्रिया में भी सुविधा मिलेगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे विद्यालयों द्वारा निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपने बच्चों की APAAR आईडी बनवाने में सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण डिजिटल पहचान से वंचित न रहे।