logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व पर्यावरण दिवस पर काशीपुर में हरियाली उत्सव, महापौर दीपक बाली ने किया वृक्षारोपण
















काशीपुर

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम काशीपुर द्वारा टंचिंग ग्राउंड परिसर में भव्य "हरियाली उत्सव" का आयोजन किया गया। महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों, स्कूली बच्चों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा पर्यावरण मित्रों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम की थीम "आओ एक कदम पर्यावरण के नाम" रही, जिसके माध्यम से नागरिकों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। वृक्षारोपण के दौरान हुई हल्की वर्षा ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। उपस्थित लोगों ने इसे प्रकृति का आशीर्वाद बताया।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है, लेकिन अभी और प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए स्वयं भी आगे आएं और दूसरों को भी जागरूक करें।
महापौर ने कहा कि नगर निगम कूड़ा निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने गीले कूड़े से खाद बनाने की पहल को बढ़ावा देने की बात कही और आश्वस्त किया कि ऐसी पहल करने वालों को नगर निगम हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एसटीपी प्लांट के माध्यम से शुद्ध किए गए पानी को कृषि एवं औद्योगिक उपयोग में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है और शीघ्र ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
महापौर ने स्थानीय मीडिया की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों और जनजागरूकता अभियानों में मीडिया का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और रचनात्मक पत्रकारिता समाज में परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम का संचालन टैक्स अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट सहित नगर निगम के अधिकारी, पार्षदगण, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे

12
644 views

Comment