विश्व पर्यावरण दिवस पर द्वारीखाल के बन्नी गांव में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व पर्यावरण दिवस पर द्वारीखाल के बन्नी गांव में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
द्वारीखाल (पौड़ी गढ़वाल), 5 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड द्वारीखाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बन्नी में भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन, GIZ India तथा आरोही संस्था नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम बन्नी के ग्रामीणों सहित विभिन्न वन पंचायतों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री प्रशांत हिन्दवान ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण के तीन महत्वपूर्ण घटक—पानी, हवा और मिट्टी—के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित ग्रामवासियों, वन पंचायत सरपंचों एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से RECAP 4NDC परियोजना के अंतर्गत संचालित कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में परियोजना सलाहकार श्री अनिल जोशी ने परियोजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य वन एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर आजीविका को सुदृढ़ करना है। उन्होंने वृक्षारोपण, नर्सरी निर्माण एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
वन क्षेत्राधिकारी चेलुसैंण, श्री बाबू सिंह ने वनाग्नि रोकथाम में ग्रामीणों की भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और इस दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं हंस फाउंडेशन के कार्यकर्ता श्री रविंद सिंह ने भी वनाग्नि रोकथाम के उपायों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान श्रीमती कविता देवी एवं वन पंचायत सरपंच श्री नेत्र सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन एवं व्यवस्थाओं का सफल संचालन श्री शोबन सिंह नेगी द्वारा किया गया, जिन्होंने भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं ग्राम विकास से जुड़े कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों जैसे खेंदुड़ी से प्रल्हाद सिंह रावत, घनसाली से सुरेश सिंह भंडारी, गडकोट से रजनी जखमोला, गोदड़ा से गणेश जखमोला, कुंतनी से डबराल जी, मासोगी से देवेंद्र प्रसाद सहित कई अन्य सरपंच उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को भी साझा किया।
इसके अतिरिक्त वन विभाग चेलुसैंण रेंज से श्री विनोद प्रसाद, श्री कुलवीर सिंह, श्री मुकुल कुमार, श्री चंडी प्रसाद, श्री पृथ्वी पाल सिंह, श्री जावेद हसन, आरोही संस्था से श्रीमती अंजू रावत एवं श्री सर्वेश नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों—जिनमें श्रीमती रुक्मा देवी, किरण देवी, कुसुम देवी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहीं—ने भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु जागरूक किया गया।