logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


कोण्डागांव, 05 जून 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय कोण्डागांव के न्यायिक कर्मचारियों के आवासीय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव, श्री खिलावन राम रिगरी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान हर्रा, बहेड़ा एवं साल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री विक्रम प्रताप चंद्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल तथा समस्त न्यायालयीन कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा वृक्षारोपण के माध्यम से स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करना था। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

28
1402 views

Comment