फरेन्दा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की
फरेन्दा : फरेन्दा पुलिस ने ग्राम भारी वैसी में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के तहत 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस कार्रवाई में दो महिलाओं सहित तीन अभियुक्तों राजेश यादव, पुष्पा और निशा को गिरफ्तार किया गया। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला लगभग 10 कुंतल लहन भी मौके पर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम भारी वैसी में अवैध शराब का निर्माण हो रहा है, जिसके बाद टीम ने दबिश दी। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमे दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।