logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व पर्यावरण दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने चलाया वृक्षारोपण अभियान

हरदोई, 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद हरदोई में अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही एवं पर्यावरण प्रहरी अभिनीत मौर्य के नेतृत्व में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान विकास खंड कोथावां एवं कछौना की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत विकास खंड कोथावां की ग्राम पंचायत गिरधरपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय ग्राम पंचायत जरौआ तथा विकास खंड कछौना की ग्राम पंचायत बरवा सरसंड एवं ग्राम पंचायत अरसेनी स्थित राष्ट्रीय स्मारक अशोक स्तंभ परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर अभिनीत मौर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जन-जन का अभियान बनाना होगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के फेफड़े हैं और मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभा करने का संकल्प लेना चाहिए।
अभिनीत मौर्य वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिवस तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हजारों पौधे लगाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। एक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के साथ-साथ वे प्रकृति प्रेमी भी हैं और पर्यावरण जागरूकता के लिए निरंतर अभियान चलाते रहते हैं।
विशेष बात यह है कि अभिनीत मौर्य देश-विदेश की विभिन्न पर्वत चोटियों पर अभियान के दौरान स्वच्छ भारत मिशन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित बैनर फहराकर लोगों को जागरूक करते हैं। उनका उद्देश्य पर्वतारोहण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है। उनके इस प्रयास की विभिन्न सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा सराहना की जाती रही है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला मंत्री अमरेंद्र सिंह अर्कवंशी,जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आशीष मौर्य, अतुल मिश्रा,देवसेन,नरेश,दीपक,पत्रकार शाक्य आशीष,करन मौर्य,पुष्कर गुप्ता,दिलीप मौर्य, तथा स्वामी विवेकानंद सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष नागेश्वर मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और समाज से अधिकाधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान को क्षेत्रवासियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए सराहा।

रिपोर्ट :- शाक्य आशीष सिंह मौर्य (न्यूज़ रिपोर्टर)

9
479 views

Comment