विधायक रोमी साहनी ने शारदा नदी तटबंध कार्य का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार
पलिया लखीमपुर खीरी।
पलिया विधानसभा क्षेत्र को संभावित बाढ़ संकट से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वीकृत बाढ़ सुरक्षा परियोजना के कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे लोकप्रिय विधायक रोमी साहनी ने शारदा नदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाढ़ सुरक्षा से संबंधित कार्य पूरी तरह बंद पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
ज्ञात हो कि क्षेत्र को बाढ़ के खतरे से बचाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लगभग ₹2.50 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके बावजूद विभागीय उदासीनता के चलते कार्य निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका, जिससे क्षेत्रीय जनता में चिंता का माहौल है।
निरीक्षण के दौरान विधायक रोमी साहनी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मानसून का समय निकट है और ऐसे में बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध ढंग से पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उच्च स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से लोगों को बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। विधायक की सक्रियता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।