logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से की हत्या, तीन बच्चों के सामने हुई वारदात।

मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के रसूलपुर हमीर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी नसीम ने अपनी पत्नी सना (25) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के समय घर में दंपति के तीन छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिससे पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सना का करीब छह वर्ष पहले गांव के ही नसीम के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद नसीम ने कथित तौर पर सना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सना की छह वर्षीय बेटी आयत घबराई हुई अवस्था में दौड़कर अपनी नानी के घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो सना लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी पति की तलाश की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जता रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

6
1672 views

Comment