logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*मैहर को 20 जून तक प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प, कलेक्टर ने किया आह्वान*


मैहर। विश्व पर्यावरण दिवस एवं स्वच्छ वार्ड रैंकिंग अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मैहर कलेक्टर ने नगर को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि 20 जून तक मैहर शहर से सिंगल यूज प्लास्टिक को समाप्त करने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मंच से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित विकास को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करे और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाए, तो मैहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
कलेक्टर ने व्यापारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि 9 बजे दुकान बंद करते समय कोई भी दुकानदार अपने प्रतिष्ठान के सामने कचरा नहीं फेंकेगा। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नगर के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक संग्रहण अभियान तथा जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त मैहर बनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के अंत में सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे 20 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में भाग लेकर मैहर को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

1
331 views

Comment