टोंक: बारिश-ओलावृष्टि से 88 गांवों में फसल नुकसान, विशेष गिरदावरी का पत्र भेजा
टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में हाल ही हुई बारिश और ओलावृष्टि से जिले की 10 तहसीलों में से नगरफोर्ट, मालपुरा और टोडारायसिंह तहसीलों के कुल 88 गांवों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिला कलक्टर टीना डाबी ने 4 अप्रैल को आपदा प्रबंधन विभाग जयपुर को विशेष गिरदावरी कराने की अनुमति के लिए पत्र भेजा है। प्राथमिक आकलन में नगरफोर्ट के 50 गांवों में 33 से 100 प्रतिशत तक फसल नुकसान, मालपुरा के 32 गांवों में 20 से 80 प्रतिशत तक नुकसान तथा टोडारायसिंह के 6 गांवों में 33 से 100 प्रतिशत तक फसल क्षति दर्ज की गई है।
किसानों की आर्थिक स्थिति गंभीर बनी हुई है क्योंकि लगातार वर्षों से अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के कारण खरीफ और रबी सीजन की फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसान महापंचायत के युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर चौधरी ने बताया कि 2023-24 व 2025 की सहायता राशि किसानों के खातों तक नहीं पहुंची है। उन्होंने जिला कलक्टर से शीघ्र गिरदावरी रिपोर्ट तैयार कर आपदा राहत कोष से किसानों के खाते में राशि डलवाने की मांग की है। चौधरी ने यह भी कहा कि यदि हुड्डा कमेटी की रिपोर्ट लागू होती तो किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपए मिलते जिससे उनकी पीड़ा कम हो सकती थी।