मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक आयोजित
मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक आयोजित
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में सिंडिकेट की बैठक कुलपति के आवासीय सभागार में आयोजित की गई, जिसमें प्रो हरि नारायण सिंह, प्रो दिलीप कुमार चौधरी, प्रो अशोक कुमार मेहता, प्रो विजय कुमार यादव, मीना कुमारी तथा कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हंसदा आदि ऑफलाइन मोड में, जबकि डॉ वैद्यनाथ चौधरी 'बैजू', प्रो नारायण झा, प्रो विमल कुमार चौधरी, डॉ अमर कुमार, डॉ सविता वर्मा, डॉ शिखर वासनी आदि ऑनलाइन मोड में उपस्थित हुए।
सदस्यों द्वारा मुद्दों पर विचारोप्रान्त कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें सिंडिकेट की गत 26 मई तथा 3 जून की संपन्न बैठकों में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि की गई। परीक्षा का ससमय संचालन एवं समर्थ पोर्टल के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सीनेट की जून में प्रस्तावित सामान्य (शैक्षणिक) बैठक को तत्काल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभी तालाबों के किनारे यथासंभव चारों ओर पाथ वे (फुटपाथ) बनवाने तथा बैठने हेतु कुर्सियां लगाने का निर्णय लिया गया। बिजली के लोड डिस्ट्रीब्यूशन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक इंजीनियर से सलाह लेकर लगभग पांच-पांच विभागों के लिए अलग-अलग ट्रांसफार्मर लगवाने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा की दृष्टि से सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्णय लिया गया। वहीं कुलपति आवासीय कार्यालय परिसर में शीघ्र ही नये सिंडिकेट हाल बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हांसदा ने किया।