मऊगंज की छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी की मौत पर राहुल गांधी ने जताया दुख, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
नई दिल्ली/मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की 18 वर्षीय छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी द्वारा कथित रूप से पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या किए जाने की घटना पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस मामले को शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “आकांक्षा की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि मोदी जी की एक भ्रष्ट और टूटी हुई व्यवस्था की देन है।” उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी केवल कमेटियां बनाई जा रही हैं, अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं और जांच की घोषणाएं हो रही हैं, लेकिन न तो व्यवस्था में सुधार दिखाई दे रहा है और न ही पीड़ितों को न्याय मिल रहा है।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं।
रिपोर्टर: ज्ञानेंद्र कुमार पाण्डेय
AIMA मीडिया