परिवार परामर्श केंद्र में सुलझे तीन परिवारों के विवाद, 28 मामलों की हुई सुनवाई
शाहजहाँपुर। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में गुरुवार को आयोजित सुनवाई के दौरान तीन दंपतियों के पारिवारिक विवाद आपसी सहमति से सुलझा लिए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस परामर्श सत्र में कुल 28 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई।
परिवार परामर्श केंद्र में थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक दंपति का मामला सामने आया, जिनकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी गुरुग्राम में नौकरी करती है। दहेज की मांग और घरेलू विवाद को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई, जिसके बाद दोनों ने साथ रहने पर सहमति जताते हुए समझौता कर लिया।
इसी प्रकार थाना कटरा क्षेत्र के एक दंपति के बीच भी विवाद चल रहा था। पत्नी का आरोप था कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता है, जिसके चलते वह मायके में रह रही थी। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई। समझाने-बुझाने के बाद दोनों ने आपसी सहमति से मतभेद समाप्त कर लिए और साथ रहने का निर्णय लिया।
थाना कांट क्षेत्र के एक अन्य मामले में पत्नी ने ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने तथा पति पर सहयोग न करने का आरोप लगाया था। वहीं पति का कहना था कि उसकी पत्नी बिना बताए मायके चली जाती है। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की विस्तार से बातचीत कराई गई, जिसके बाद दोनों के बीच समझौता हो गया और उन्हें सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य टूटते परिवारों को जोड़ना और आपसी संवाद के माध्यम से वैवाहिक विवादों का समाधान कराना है। इस दौरान महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, नेहा चौहान, निशा मिश्रा और रश्मि चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।