logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जन जागरूकता अभियान

प्रभारी मंत्री बोले- सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान के भाव से हों कार्यक्रम

जय प्रकाश संवाददाता शाहजहांपुर :
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 5 जून से 21 जून तक समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान को माइक्रो प्लानिंग और जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाए तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

विश्व पर्यावरण दिवस से होगी शुरुआत
जिलाधिकारी ने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। जिले में 8.64 लाख पौधे लगाए जाएंगे और उनकी जियो टैगिंग भी कराई जाएगी। फलदार पौधों का वितरण किया जाएगा तथा तालाबों के किनारे वृक्षारोपण में स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित होगा।

प्रबुद्ध वर्ग से होगा संवाद
8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, उद्यमियों, व्यापारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करेंगे। मलिन बस्तियों में स्वच्छता अभियान, जनसमस्या समाधान शिविर और योजनाओं के लाभार्थियों का पंजीकरण भी कराया जाएगा।

विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगेगी
14 से 16 जून तक सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले आयोजित होंगे। वहीं 16 से 20 जून के बीच विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और विकास प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, महिला एवं युवा कल्याण कार्यक्रमों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं तथा सुशासन मॉडल को प्रदर्शित किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 300 प्रबुद्धजनों की सूची तैयार की जाएगी, जिन्हें विभिन्न विकास खंडों और कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे विकास कार्यों और योजनाओं की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें।

योग दिवस और रात्रि चौपाल भी होंगे
अभियान के दौरान 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन होगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर मनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल लगाकर जनशिकायतों के निस्तारण और सरकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही साइकिल और पैदल जन-जागरूकता यात्राएं निकाली जाएंगी।

बैठक में विधायक चेतराम, सलोना कुशवाहा, अरविंद कुमार सिंह, वीर विक्रम सिंह, सुधीर गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

4
974 views

Comment