चेन और मंगलसूत्र लूट का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में महिला से चेन और मंगलसूत्र लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 25 मई को कैंट क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट की घटना हुई थी। इस संबंध में सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। बुधवार को संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश मोटरसाइकिल से किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में कैंट क्षेत्र से पुवायां की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने चांदमारी बट मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल होकर पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम अली और रफीक, निवासी गूलरभोज, थाना गदरपुर, जनपद उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। अकरम के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि रफीक के पास से तमंचा, कारतूस, लूट के सामान को बेचकर प्राप्त 21 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता को लेकर पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त टीम की सराहना की है।