कटिहार में ऑटो-टोटो संचालन के लिए नए नियम बनाए गए
कटिहार: बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक बड़ी बैठक आयोजित की गई जिसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात पुलिस के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में नगर निगम क्षेत्र में ऑटो और टोटो के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए अरगरा चौक, चौधरी मोहल्ला और मिर्चाईबारी सहायक थाना के निकट अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर इन स्थानों पर सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने गैर-पंजीकृत ऑटो और टोटो के परिचालन पर रोक लगाने का सुझाव दिया। पंजीकृत वाहनों की पहचान के लिए कलर कोडिंग और निर्धारित रूट के अनुसार संचालन की व्यवस्था लागू करने पर भी सहमति बनी। बैठक में ऑटो एवं टोटो संघ के पदाधिकारियों के साथ अलग बैठक कर अन्य छोटे पार्किंग स्थलों की पहचान करने का निर्णय लिया गया। यातायात थाना को प्रमुख रूटों की सूची तैयार कर परिवहन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
न्यूज कटिहार से राजू चौधरी उर्फ राजेश अग्रवाल की रिपोर्ट