बीजापुर में पीएमजीएसवाए सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांच
बीजापुर : पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जिले में पीएमजीएसवाए योजनाओं के अंतर्गत निर्मित एवं प्रगतिशील सड़कों की गुणवत्ता की व्यापक जांच की। प्रमुख अभियंता श्री के.के कटारे, अधीक्षण अभियंता श्री मनोज रात्रे सहित विभागीय अमले ने विभिन्न निर्माण स्थलों पर जाकर सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंड, सड़क की मोटाई, सतह की मजबूती, जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की विस्तार से जांच की।
भोपालपटनम विकासखंड में उलूर से केरपे तक 90 कि.मी. लंबी सड़क की जांच के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर ठेकेदार श्री अंकित गुप्ता को निर्देशित किया कि गुणवत्ता सुनिश्चित किए बिना भुगतान नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने पुलियों को तोड़कर विभागीय निर्देशानुसार पुनः निर्माण करने एवं मिट्टी खोदने से होने वाली कटाव की समस्या को दूर करने के लिए भी आदेश दिए। इसी प्रकार पालनार से रेगडगटटा 5 कि.मी. और भैरमगढ़ से बडेतुंगली तक 20 कि.मी. सड़क निर्माण में ठेकेदार श्री दंगल बिल्डर्स को गुणवत्तापूर्ण कार्य हेतु निर्देशित किया गया और पुनः संयुक्त निरीक्षण का आदेश दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से अति पिछड़े एवं जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार तक बेहतर पहुंच मिलेगी। प्रमुख अभियंता श्री के.के कटारे ने ठेकेदारों एवं विभागीय अभियंताओं को निर्माण कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के विकास कार्यों में तेजी आए और ग्रामीण जनता सीधे संपर्क में आ सके।