सहारनपुर: सब इंस्पेक्टर देश कुमार रिश्वत लेते गिरफ्तार
सहारनपुर: जनपद के थाना तीतरो में तैनात सब इंस्पेक्टर देश कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव पापड़ी आसफगढ़ निवासी मुकेश कुमार से एक मामले की विवेचना के नाम पर दरोगा लगातार कई दिनों से पैसों की मांग कर रहा था।
कथित रूप से बार-बार की जा रही मांग से परेशान होकर पीड़ित ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि होने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी दरोगा को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ थाना नानौता में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।