खानपुर विधायक उमेश कुमार और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी, रुड़की-दल्लावाला बस सेवा का शुभारंभ !
लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा की सौगात मिल गई है। बुधवार को रुड़की से दल्लावाला तक नई रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
यह नई बस सेवा रुड़की, ढंढेरा, लंढोरा और लक्सर क्षेत्र से जुड़े दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे।
शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बस सेवा शुरू होने के बाद परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक उमेश कुमार स्वयं बस में सवार हुए तथा मिलिट्री चौराहे तक यात्रा कर यात्रियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को भी सुना।